बुद्ध पूर्णिमा पर संगम तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

प्रयागराज,  संगम नगरी प्रयागराज में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। संगम तट पर श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं तथा दान-पुण्य भी कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। प्रशासन द्वारा भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

वैशाख मास की पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था और बोधगया में पीपल के वृक्ष के नीचे उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। यही नहीं, इसी दिन कुशीनगर में उन्होंने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था।

बुद्ध पूर्णिमा का यह पावन पर्व विश्वभर में बौद्ध धर्मावलंबियों द्वारा भगवान बुद्ध की जयंती के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। प्रयागराज में भी श्रद्धालु इस अवसर पर पवित्र गंगा में स्नान कर आध्यात्मिक पुण्य अर्जित कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button