बुद्ध पूर्णिमा पर मायावती का संदेश: सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलने की अपील

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गौतम बुद्ध के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा और मानवता की ज्योति को पूरे विश्व में फैलाकर भगवान बुद्ध ने भारत को जगद्गुरु के रूप में प्रतिष्ठा और सम्मान दिलाया।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि तथागत गौतम बुद्ध की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए उनके अनुयायियों को बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक बधाई दी जाती है। साथ ही सभी के जीवन में सुख, शांति और सौहार्द बना रहे, ऐसी कामना की।

मायावती ने कहा कि गौतम बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर लोगों के जीवन को सुखी और समृद्ध बनाना ही सच्चा राजधर्म है। इसकी सफलता तभी संभव है जब सभी सरकारें अपनी कथनी और करनी में अंतर न रखें तथा जो कहें, वही करें और जो करें, वही कहें। तभी समाज को सही दिशा और प्रेरणा मिल सकेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकारों को विशेष रूप से सभी धर्मों के मानने वाले लोगों के जान-माल और उनके मजहब की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। यही तथागत गौतम बुद्ध के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अपने संदेश के अंत में उन्होंने ‘अप्प दीपो भवः’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षित बनें, स्वयं आगे बढ़ें और अपने भीतर का प्रकाश स्वयं बनें। इसी सिद्धांत पर चलकर देश आत्मनिर्भर और महान बन सकता है।

Related Articles

Back to top button