रायबरेली में अंबेडकर जयंती पर चला व्यापक स्वच्छता अभियान

रायबरेली, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मंगलवार को जिलेभर में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंत्री, जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने बाबा साहब को नमन किया, जबकि ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग दिनेश प्रताप सिंह ने नगर के हाथी पार्क चौराहे पर स्थापित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने भारतीय संविधान के निर्माण के साथ-साथ वंचित एवं शोषित वर्गों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देते हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा संविधान के प्रति निष्ठा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
जयंती के उपलक्ष्य में जिले की सभी 980 ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्य शील सिंह के मार्गदर्शन में सफाई कर्मचारियों ने आंबेडकर प्रतिमाओं, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। इसके साथ ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत झाड़ी कटाई, नाली सफाई, उथले हैंडपंपों का चिन्हीकरण, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराई गई।





