पीडीए की वैचारिकी के मजबूत पैरोकार थे शारदानंद: सपा

देवरिया, समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय शारदानंद अंचल की स्मृति में शनिवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वक्ताओं ने उन्हें पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की वैचारिकी का मजबूत पैरोकार बताया।

रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के डुमरी स्थित सपा जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सपा के पूर्व जिला प्रवक्ता चंद्रभूषण सिंह यादव ने कहा कि स्वर्गीय अंचल ने विधायक एवं मंत्री रहते हुए सदैव पीडीए की विचारधारा को आत्मसात किया और सामाजिक समता के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि अंचल ने डॉ. राममनोहर लोहिया की नीतियों के अनुरूप आचरण करते हुए समाजवादी विचारधारा को मजबूती दी।

वक्ताओं ने कहा कि मंत्री रहते हुए भी अंचल जी सादगीपूर्ण और सहज उपलब्ध रहने वाले जननेता थे, जिनका सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्षों को याद किया और उन्हें समाजवादी विचारधारा का सशक्त स्तंभ बताया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सुरेश नारायण सिंह, मुरलीधर, व्यास यादव, गोविंद यादव, अभिषेक ‘गुड्डू’ गोंड, नारायण प्रसाद, उत्तिम यादव, लोरिक गोंड, सतेंद्र यादव, बेलभद्र गोंड, लालसा यादव, मिथिला वर्मा, कांता यादव, मोतीलाल सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button