अयोध्या- मुबंई अमृत भारत एक्सप्रेस को PM मोदी दिखायेंगे हरी झंडी

प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से गुजरने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर भी रुकेगी, जिससे प्रतापगढ़ से मुंबई जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर ऑनलाइन उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।
अधिकारिक सूत्रों से रविवार देर शाम मिली जानकारी के अनुसार आधुनिक तकनीक से निर्मित जर्क-फ्री अमृत भारत एक्सप्रेस अयोध्या धाम जंक्शन से चलकर प्रतापगढ़, प्रयागराज और जबलपुर होते हुए मुंबई पहुंचेगी। लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन 26 घंटे 20 मिनट में मुंबई का सफर पूरा करेगी।
बताया गया कि तत्कालीन सांसद संगम लाल गुप्ता की मांग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या धाम से सीधे देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता ने मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन पर आयोजित समारोह में अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील की है।





