अयोध्या में ‘मन की बात’ का 131वां संस्करण 400 बूथों पर सामूहिक रूप से सुना गया

अयोध्या, प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें संस्करण के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा महानगर क्षेत्र के लगभग 400 बूथों पर सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक एकत्रित होकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बूथ संख्या 22, अंबेडकर नगर (करियप्पा मंडल) में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य सरोज कुमारी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कौशलपुरी आवास पर तथा पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने विद्यालय कुंड वार्ड में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अतिरिक्त महानगर के विभिन्न बूथों पर अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों से सीधा संवाद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समाज के प्रेरणादायक व्यक्तित्वों, नवाचारों और जनभागीदारी की ताकत को सामने लाकर राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि ‘मन की बात’ से समाज के हर वर्ग को प्रेरणा मिलती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच मिलता है, जिससे आमजन में नई ऊर्जा का संचार होता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश सदैव जनहित, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता पर केंद्रित रहता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम में बताए गए विचारों को समाज के बीच ले जाकर जनजागरण का कार्य करें।
पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के प्रयासों को सराहकर उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाने से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भावना मजबूत होती है।

Related Articles

Back to top button