कानपुर से हुयी ‘सूर्य रथ’ की शुरुआत,हर घर सोलर का अभियान तेज

कानपुर, 20 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में पहली बार कानपुर नगर से आज ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत सिटी एक्सीलरेटर प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन यूपी नेडा के सहयोग से नेशनल सोलर एनर्जी फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा रॉकी माउंटेन इंस्टीट्यूट द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देना तथा आम नागरिकों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में नीलिमा कटियार, विधायक, कल्याणपुर तथा दीक्षा जैन, मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित रहीं । इस अवसर पर राकेश पाण्डेय, परियोजना अधिकारी, यूपी नेडा द्वारा सिटी एक्सीलरेटर प्रोग्राम के अंतर्गत संचालित किए जाने वाले विभिन्न जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि यह पहल शहरी क्षेत्रों में रूफटॉप सोलर को अपनाने की प्रक्रिया को तेज करने, नागरिकों को योजना से जोड़ने तथा उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है।
श्रीमती कटियार ने अपने संबोधन में कार्बन उत्सर्जन, जलवायु परिवर्तन एवं सोलर पैनल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सकता है, बल्कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को सतत, सुरक्षित एवं किफायती बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘सोलर रथ’ रहा, जिसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को योजना के प्रति जागरूक करेगा तथा उन्हें रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।




