आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत देवरिया में स्थलों की सूची तैयार, सौंदर्यीकरण की तैयारी तेज

देवरिया, उत्तर प्रदेश सरकार की ‘डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के तहत देवरिया जिले में सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों के संरक्षण, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण की तैयारी तेज हो गई है। जिला स्तर पर चिन्हित स्थलों की सूची तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

आधिकारिक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुसार योजना के तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में चयनित मूर्तियों का विकास कराया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10-10 स्थलों का चयन कर कुल 4030 स्मारकों का कायाकल्प किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि देवरिया जिले में भी चयनित स्थलों का सर्वेक्षण कर सूची तैयार की जा रही है। योजना के अंतर्गत मूर्तियों की सुरक्षा के लिए टिकाऊ शेड का निर्माण, अतिक्रमण रोकने हेतु बाउंड्रीवॉल या रेलिंग के साथ गेट तथा समग्र सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके अलावा स्थलों पर हरित क्षेत्र, बैठने के लिए बेंच, पाथवे और रात्रि में बेहतर दृश्यता के लिए सोलर लाइट सहित प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। प्रत्येक स्थल पर संबंधित महापुरुष के जीवन और योगदान की जानकारी देने वाला मानक सूचना पट्ट भी लगाया जाएगा, जिससे आमजन, विशेषकर युवाओं को प्रेरणा मिल सके।

योजना के लिए प्रति स्थल अधिकतम 10 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। प्रशासन का मानना है कि यह योजना महापुरुषों के प्रति सम्मान को सुदृढ़ करने के साथ नई पीढ़ी को उनके आदर्शों और सामाजिक योगदान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button