Breaking News

आवासीय इलाके में घुसा तेंदुआ, तीन घायल…

पुणे,  महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक आवासीय इलाके में तेंदुए के हमले में दो लोग घायल हो गए जबकि एक अन्य व्यक्ति उससे बच कर भागने की कोशिश करते समय गिरने के कारण मामूली रूप से चोटिल हो गया।

मुंढवा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र हो जाने के कारण तेंदुआ घबरा गया और केशव नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के पास नाली में गिर गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘इलाके में सोमवार को सुबह पांच बजे से छह बजे तक तेंदुआ देखा गया। इस इलाके में कई निर्माणाधीन इमारतें हैं और यहां काफी लोग रहते हैं। तेंदुए ने एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।’’

उन्होंने बताया कि इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति जानवर से बच कर भागने की कोशिश करते समय गिर जाने के कारण मामूली रूप से चोटिल हो गया। अधिकारी ने बताया कि वन अधिकारी, पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी तेंदुए को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया है।