Breaking News

इन इलाकों में झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली

श्रीनगर, केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को मैदानी और ऊपरी इलाकों में झमाझम बारिश तथा हिमपात होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई और कुछ ऊंचे इलाकों में हिमपात भी हुआ और आज मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में हिमपात होने की चेतावनी दी है।

मौसम एजेंसी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर आज और कल 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने और ओलावृष्टि होने के आसार हैं। इसके अलावा, यहां 19-21 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के अनुमान हैं और 22-25 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने की भी आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पुंछ, राजोरी, सांबा इलाकों में आज झमाझम बारिश होने से, यहां के लोगों को गर्मी से राहत मिली। बादल छाए रहने के आसार हैं।

एक स्वतंत्र मौसम पर्यवेक्षक फैजान आरिफ ने कहा कि जम्मू- कश्मीर के अधिकांश क्षेत्रों में दिन का तापमान 4-10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।

मौसम कार्यालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में श्रीनगर में 6.9 मिमी, काजीगुंड में 11.0 मिमी, पहलगाम में 22.4 मिमी, कुपवाड़ा में 15.7 मिमी, कोकेरनाग में 12.2 मिमी और गुलमर्ग में 2.1 मिमी तक वर्षा हुई।

श्रीनगर में कल रात का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम की इस अवधि के दौरान जम्मू-कश्मीर की राजधानी के लिए यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसके अलावा, जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक 38.7 डिग्री सेल्सियस और कल रात का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है जबकि बनिहाल में दिन का तापमान 23.5 डिग्री, बटोटे में 25.8 डिग्री, कटरा में 34.2 डिग्री और भद्रवाह में 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में रविवार रात न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम अधिकारियों ने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पहलगाम का न्यूनतम तापमान पिछली रात के 5.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसके अलावा, कोकेरनाग में 9.3 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में 8.6 डिग्री सेल्सियस और उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में मंगलवार को 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।