Breaking News

इस भाजपा सांसद ने लोकसभा चुनाव लड़ने से किया इंकार

कानपुर,  उत्तर प्रदेश के कानपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद सत्यदेव पचौरी ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है।

पाटी अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा को रविवार को प्रेषित एक पत्र में श्री पचौरी ने लोकसभा चुनाव में उनके नाम पर विचार नहीं करने का अनुरोध किया है। उन्होने लिखा “ मै वर्तमान लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने का इच्छुक नहीं हूं। अत: मेरे नाम पर विचार न किया जाये। मै पार्टी का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं और पार्टी द्वारा दिये गये सभी दायित्वों का निर्वहन करता रहूंगा।”

पार्टी सूत्रों का कहना है कि 76 वर्षीय भाजपा सांसद ने कानपुर से टिकट कटने की आशंका के चलते पहले ही चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। भाजपा के उम्मीदवारों की अगली लिस्ट में कानपुर नगर के लिये प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो सकती है।

गौतरलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में सत्यदेव पचौरी ने कांग्रेस उम्मीदवार श्रीप्रकाश जायसवाल को डेढ़ लाख से अधिक वोटों से हराया था। इससे पहले उन्होने वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के श्रीप्रकाश को छह हजार से अधिक मतों से हराया था।

कानपुर नगर के लिये भाजपा ने अब तक किसी प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है। हालांकि टिकट की दौड़ में कांग्रेस से भाजपा में हाल ही में शामिल हुये अजय कपूर और रमेश अवस्थी के अलावा मौजूदा भाजपा विधायक सुरेन्द्र मैथानी के नाम की चर्चा स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच जोरशोर से चल रही है।