Breaking News

उत्तरप्रदेश में बारिश के आसार, गिर सकता है तापमान

rainलखनऊ,  प्रदेश भर में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। सभी प्रमुख स्थानों पर अधिकतम तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। खासतौर से बुन्देलखण्ड में सूरज की तपिश अभी से लोगों पर भारी पड़ रही है। हालांकि अब मौसम में हो रहे फेरबदल के कारण तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी सभी जगहों पर तेज धूप से सुबह की शुरूआत हुई। उ.प्र. मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री व अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की सम्भावना है। इसके अलावा बरेली का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री व अधिकतम 30 डिग्री, कानपुर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री व अधिकतम 32 डिग्री, मेरठ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री व अधिकतम तापमान 30 डिग्री तथा आगरा का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री व अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है। इसके साथ ही अलीगढ़ का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री व अधिकतम तापमान 32 डिग्री, झांसी का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री व अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री, बांदा का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री, वाराणसी का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री व अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की सम्भावना है।

विभाग के मुताबिक पिछले चौबीस घण्टे के दौरान एक बार फिर बुन्देलखण्ड का बांदा जनपद सबसे गरम रहा। यहां का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया। यहां बीते कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री से ऊपर गया था, लेकिन अब यह 35 डिग्री से भी ऊपर चला गया है। वहीं इलाहाहबाद में 33.3, झांसी में यह 32.2 डिग्री और लखनऊ में 31.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं होली के दौरान भी मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है। फिलहाल बारिश की जो स्थिति बन रही है वह होली तक जारी रह सकती है। पूरे प्रदेश में मौसम में फेरबदल हो सकता है। विभाग के मुताबिक अफगानिस्तान और पाकिस्तान में बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। कहीं तेज और कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *