Breaking News

उत्तराखंड का बनबसा थाना देश के सर्वोत्तम तीन में शामिल,मिला पुरस्कार

नैनीताल, उत्तराखंड के चंपावत जनपद के बनबसा थाना ने देश के सर्वश्रेष्ठ तीन पुलिस स्टेशनों में जगह बनायी है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से बनबसा थाना को शुक्रवार को नयी दिल्ली में इस उपलब्धि के लिये पुरस्कृत किया गया।

यह पहली बार है कि प्रदेश के किसी थाना ने सर्वोत्तम तीन (टाॅप-थ्री) में जगह बनायी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि के लिये प्रदेश के पुलिस परिवार को बधाई दी है।

नयी दिल्ली के राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में शुरू हुए देश के पुलिस महानिदेशकों व पुलिस महानिरीक्षकों के सम्मेलन में केन्द्रीय गृह मंत्री की ओर से पुलिस थानों की वर्ष 2022 की वार्षिक रैकिंग की घोषणा के साथ ही पुरस्कार वितरित किये गये। इस सम्मेलन में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार भी प्रतिभाग कर रहे हैं।

बनबसा थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह को केन्द्रीय गृह मंत्री की ओर से प्रशंसा पत्र के साथ ही यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस सफलता के लिये प्रदेश के पुलिस परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में सुशासन एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था की स्थानापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे सभी पुलिस कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा का प्रतिफल है।

डीजीपी अशोक कुमार ने चंपावत के पुलिस अधीक्षक समेत सभी बनबसा थाना के समस्त कर्मियों को इस उपलब्धि के लिये बधाई दी है। उन्होंने कहा कि देश में 16000 पुलिस स्टेशन हैं और उनमें से सर्वश्रेष्ठ तीन पुलिस स्टेशनों में जगह बनाना गौरव की बात है।

श्री अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस स्टेशनों की रैकिंग गृह मंत्रालय द्वारा एक वार्षिक प्रक्रिया का हिस्सा है। देश के टाॅप थानों की श्रेणी में स्थान पाने के लिये कुछ मानक तय किये गये हैं। सभी पुलिस स्टेशनों का अपराध दर, अपराध नियंत्रण, मामलों की जांच व निपटारे के साथ ही बुनियादी ढांचे व सार्वजनिक सेवा के वितरण जैसे 165 विभिन्न बिन्दुओं पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें 20 प्रतिशत संबद्ध थाना के नागरिकों का फीडबैक भी शामिल होता है।