शेयर बाजारों में शुरुआती गिरावट

मुंबई, विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और रुपये पर जारी दबाव के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक गिरावट में खुले, लेकिन बाद में हरे निशान में पहुंच गये। बीएसई का सेंसेक्स 208.84 अंक टूटकर 77,094.79 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 32.26 अंक (0.04 प्रतिशत) फिसलकर 77,271.37 अंक पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 42.80 अंक नीचे 24,049.90 अंक पर खुला, लेकिन बाद में हरे निशान में पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 14.30 अंक यानी 0.06 प्रतिशत ऊपर 24,107 अंक पर था।
दूसरे एशियाई बाजारों और रुपये में रही गिरावट से घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा प्रभावित हुई है। रुपया फिलहाल 28 पैसे लुढ़ककर 94.43 रुपये प्रति डॉलर पर है। यह 20 पैसे उतरकर 94.35 रुपये प्रति डॉलर पर खुला था।
बैंकिंग, वित्त, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में शुरुआती दबाव हैं। विशेषकर सार्वजनिक बैंकों के शेयरों में बिकवाली अधिक है। धातु, मीडिया और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक हरे निशान में हैं।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, बीईएल, अडानी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर ऊपर हैं जबकि इटरनल, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो, ट्रेंट और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर नीचे चल रहे हैं।




