Breaking News

उत्तर प्रदेश के विकास के लिए अखिलेश यादव ने सभी का सहयोग मांगा

akhilesh
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए सभी का सहयोग मांगा है। इसके लिए उन्होंने सभी केन्द्रीय मंत्रियों एवं सांसदों से केन्द्र सरकार के स्तर पर लम्बित राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु सहयोग का अनुरोध किया है। इस सम्बन्ध में अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश से निर्वाचित सभी केन्द्रीय मंत्रियों सहित लोक सभा व राज्य सभा सदस्यों को पत्र लिखा है।
राज्य के सभी केन्द्रीय मंत्रियों और सांसदों को लिखे व्यक्तिगत पत्र में यादव ने उल्लेख किया है कि उत्तर प्रदेश के विकास और उन्नयन के लिए विभिन्न विषयों पर समय-समय पर प्रदेश सरकार द्वारा भारत सरकार से अनुरोध किया जाता रहा है। कतिपय महत्वपूर्ण प्रकरणों में स्वयं उनके द्वारा प्रधानमंत्री जी को समय-समय पर पत्र लिखा गया है। इनमें से महत्वपूर्ण प्रकरणों का सारांश सुलभ संदर्भ हेतु संलग्न करते हुए अखिलेश यादव ने राज्य के विकास हित में लम्बित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु केन्द्र सरकार का ध्यान आकृष्ट करने का अनुरोध प्रदेश के सभी केन्द्रीय मंत्रियों और सांसदों से किया है।
पत्र के साथ संलग्नक के तौर पर प्रेषित एक पुस्तिका में राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार को भेजे गए 26 महत्वपूर्ण मामले शामिल किए गए हैं। यह सभी प्रकरण केन्द्र सरकार को 30 नवम्बर, 2015 तक की अवधि में प्रेषित किए गए हैं।