उत्तर प्रदेश में रविवार से फिर गरजेंगे बदरा,पड़ेंगी फुहारें

लखनऊ, पिछले एक पखवारे के दौरान प्रचंड गर्मी का सामना कर चुके उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, वहीं पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक तीन से आठ मई के बीच प्रदेश के दोनों हिस्सों पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं से लेकर कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में विशेषकर 4 और 5 मई को मौसम अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रहने के आसार हैं, जब कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं (40 से 50 किमी प्रति घंटा, झोंकों में 60 किमी प्रति घंटा तक) चल सकती हैं। वहीं 3 और 6 मई को भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और वज्रपात की संभावना व्यक्त की गई है।

तापमान की बात करें तो प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि आगामी दिनों में आंशिक बादल और बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट संभव है।

मौसम विभाग ने किसानों और आम जनमानस को सलाह दी है कि वे बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहें, विशेषकर आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

मौसम विभाग के अनुसार सात और आठ मई को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, जबकि किसी प्रकार की बड़ी चेतावनी फिलहाल जारी नहीं की गई है।

Related Articles

Back to top button