Breaking News

उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा,पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं

नयी दिल्ली, उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा है कि देश में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की व्‍यापक संभावनाएं हैं और यह क्षेत्र लाखों लोगों को विविध प्रकार से रोजगार मुहैया करा रहा है।

श्री नायडू ने शुक्रवार को यहां विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर कहा कि पर्यटन का क्षेत्र विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को आपस में जोड़ने का काम करता है तथा देश के अनेक राज्यों में लोग इन स्थानाें पर पर्यटक के तौर पर एक दूसरे से घुलमिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत सांस्‍कृतिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक सौंदर्य से सम़द्ध है और आज विश्व के अनेक देशों के लोग हमारे यहां आकर देश की संस्कृति को जानने का प्रयास कर रहे हैं।

श्री नायडू ने काॅरपोरेट सेक्टर से आग्रह किया कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए वह आगे आए ताकि इस क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन से जुड़े लोगों और संगठनों को प्रदूषण के खतराें से भी वाकिफ रहना चाहिए और प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने की दिशा में भी अहम भूमिका निभानी चाहिए। पर्यटन क्षेत्रों काे लेकर केन्द्र सरकार काफी सजग हैं और इसी वजह से इस वर्ष के बजट में 17 प्रमुख पर्यटक क्षेत्राें का विकास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा।

श्री नायडू ने आज विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राष्‍ट्रीय पर्यटन पुरस्‍कार प्रदान किये। पर्यटन के क्षेत्र में समग्र विकास के लिए आंध्र प्रदेश को सर्वश्रेष्‍ठ राज्‍य का पुरस्‍कार दिया गया। मध्‍य प्रदेश और गोवा को साहसिक पर्यटन वर्ग में संयुक्‍त रूप से सम्मानित किया गया। तेलंगाना को सूचना तकनीकी (आईटी) वर्ग में अभिनव उपयोग के लिए पुरस्‍कार दिया गया और उत्‍तराखण्‍ड को फिल्‍म प्रोत्‍साहन के क्षेत्र में सर्वश्रेष्‍ठ राज्‍य का पुरस्‍कार मिला।