एबीवीपी ने साकेत महाविद्यालय में की छात्रसंघ चुनाव की मांग

अयोध्या, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अयोध्या महानगर इकाई ने साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए छात्रसंघ चुनाव कराए जाने तथा महाविद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। विभाग संयोजक शशांक विद्यार्थी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद वर्षभर सक्रिय रहने वाला छात्र संगठन है और साकेत महाविद्यालय की छात्रसंघ परंपरा से निकले कई विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों से छात्रसंघ चुनाव न होने के कारण विद्यार्थियों में निराशा है। आगामी सत्र में चुनाव संपन्न कराने और छात्रसंघ भवन की जर्जर स्थिति को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की गई।
महानगर मंत्री जय श्री रावत ने भगत सिंह छात्रावास की स्थिति सुधारने और विद्यार्थियों को शीघ्र आवंटन सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, खराब पड़े वाटर कूलरों को ठीक कराने तथा अतिरिक्त वाटर कूलर लगाने की भी मांग की, ताकि छात्र-छात्राओं को असुविधा न हो।
इकाई मंत्री विकास यादव ने कहा कि शौचालय और मूत्रालय की खराब स्थिति से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है, जिसका तत्काल समाधान आवश्यक है। साथ ही शिक्षण कक्षों की नियमित साफ-सफाई, पंखों की मरम्मत तथा परीक्षा के दौरान आने वाले छात्र-छात्राओं के वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था महाविद्यालय परिसर में ही सुनिश्चित करने की मांग की गई।
विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। ज्ञापन के दौरान जिला संगठन मंत्री उदय मिश्र, जिला संयोजक प्रियांशु तिवारी सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




