Breaking News

कांग्रेस ने मैदान छोड़ा, प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीतेगी भाजपाः मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

खजुराहो, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खजुराहो आगमन की धमक से ही कांग्रेस ने खजुराहो लोकसभा का मैदान छोड़ दिया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का पूरे प्रदेश में यही हश्र होने वाला है।

श्री शाह अपने एकदिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान खजुराहो में बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन को डॉ यादव ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत की दुनिया में एक विशिष्ट पहचान बनी है। कांग्रेस के शासनकाल में देश में दंगे होते थे। लेकिन अब देश में आतंकवाद और दंगे की घटनाएं समाप्त हो गई हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में जब जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई, उसके बाद से देश में पूरी तरह से शांति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पिछली बार खजुराहो लोकसभा करीब पांच लाख से हारी थी, उसके ठिकाने नहीं लगे थे। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा खजुराहो ही नहीं, प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी और देश में श्री मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में खजुराहो लोकसभा की आठ में से छह सीटें भाजपा को मिली थीं। केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह की कुशल रणनीति से 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत के साथ खजुराहो लोकसभा की सभी आठ विधानसभा सीटें जीती हैं। श्री शाह ने कहा कि आज खजुराहो में बूथ समिति सम्मेलन से मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है और श्री शाह की कुशल रणनीति से भाजपा प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट जीतेगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में बुंदेलखंड को कई सौगातें मिली हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि खजुराहो प्रधानमंत्री श्री मोदी की आईकॉनिक सिटी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खजुराहो को विश्व का सबसे आधुनिकतम रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और दो-दो पायलट ट्रेंनिंग सेंटर की सैगात दी है। बुंदेलखंड अब न गरीब रहेगा और न ही सूखा, क्योंकि प्रधानमंत्री ने 44605 करोड़ की केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का मंत्र दिया है। आधुनिक राजनीति के चाणक्य व कुशल रणनीतिकार केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह के साथ हर बूथ पर दस प्रतिशत वोट बढ़ाने के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लेकर भाजपा कार्यकर्ता चुनाव मैदान में जुटे जाएं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस लोकसभा चुनाव में प्रदेश के सभी 29 लोकसभा सीटों के साथ खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सभी 2293 बूथों पर जीत दर्ज करेगी।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद, सागर क्लस्टर प्रभारी एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार, प्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके, सतना महापौर योगेश ताम्रकार, लोकसभा संयोजक सदानंद गौतम, सह संयोजक पीतांबर टोपनानी, उमेश शुक्ला सहित खजुराहो लोकसभा के 2293 बूथों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।