कानपुर में गेहूं के खेत में पानी भरने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई घायल

कानपुर, कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के चिरली गांव में गेहूं के खेत में पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से फरसा, कुल्हाड़ी, ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चल गए। इस मारपीट में दोनों पक्षों के करीब एक-एक दर्जन लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गांव में एक पक्ष ने अपने खेत में पानी लगाया था, जिससे पानी बहकर इंद्रपाल के गेहूं के खेत में पहुंच गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस मामले को लेकर शुक्रवार को साढ़ थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था, लेकिन शनिवार सुबह फिर से विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि जयचंद्र और बदलू राहुल के घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। राहुल के विरोध करने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों, फरसा, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में एक पक्ष के अरविंद, जयचंद, रामप्रसाद, निशा, शिवनाथ, विश्वनाथ, शालू, जगन्नाथ, छविनाथ, केशनपाल और बउवन घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के राहुल, नितिन, छविनाथ, अरविंद, बउवन, केशनपाल, कल्लू, विश्वनाथ, राजेवारी, पूनम, बबली और उर्मिला सहित कई लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इस बारे में सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर कृष्णकान्त यादव ने बताया कि थाना साढ़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम चिरली में खेत में पानी जाने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।





