Breaking News

तिलक वर्मा ने काफी परिपक्वता और संयम दिखाया : रवि शास्त्री

मुंबई,  पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान एवं राष्ट्रीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री मौजूदा 2022 आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के प्रदर्शन और उनके लगातार रन बनाने से काफी प्रभावित हैं।

शास्त्री ने बुधवार को स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम क्रिकेट लाइव पर बातचीत के दौरान कहा, “ तिलक ने मुंबई इंडियंस के लिए खेली दोनों पारियों में काफी क्षमता दिखाई है। मैं उनके शॉट्स की विविधता फ्रंट फुट, बैक फुट और स्वीप को देखकर प्रभावित हूं। उनके शॉट चयन में काफी भिन्नता है। उनका कंपोजर, हाव-भाव और मिजाज एक युवा खिलाड़ी के लिए काफी अच्छा है। उन्होंने बहुत आत्मविश्वास से बल्लेबाजी की है। उनमें आगे बढ़ने की क्षमता है। ”

पूर्व कोच ने यह भी दावा किया कि सूर्यकुमार यादव के साथ तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस की मध्य क्रम बल्लेबाजी को मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा, “ तिलक ने अपनी बल्लेबाजी से सकारात्मक मंशा दिखाई है और ये मुंबई इंडियंस के लिए अच्छे संकेत हैं। सूर्यकुमार यादव की प्लेइंग इलेवन (एकादश) में वापसी के बाद मुंबई का मध्य क्रम मजबूत होगा। ”