Breaking News

तीर्थयात्रियों का नया जत्था अमरनाथ गुफा के लिए रवाना

श्रीनगर,  केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में नौ हजार पांच सौ से अधिक यात्रियों का एक नया जत्था बुधवार को पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से बाबा बफीर्नी के पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि 4,279 तीर्थयात्रियों ने आज सुबह 11 बजे तक गुफा में स्वनिर्मित शिवलिंग के दर्शन किए। केन्द्रशासित प्रदेश में 30 जून से शुरू हुई वार्षिक यात्रा में अब तक कुल 2,25,000 श्रद्धालु पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन कर चुके हैं।

शुष्क और साफ मौसम के बीच आज सुबह दक्षिण कश्मीर में पारंपरिक नुनवान पहलगाम आधार शिविर और गंदेरबल जिले में दुमैल के रास्ते सबसे छोटे बालटाल मार्ग से यात्रियों के नए जत्थों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

करीब 1,103 महिलाओं, 47 साधुओं और 44 बच्चों सहित 3,719 तीर्थयात्री आज सुबह बालटाल से दुमैल होते हुए अमरनाथ गुफा की यात्रा के लिए रवाना हुए। इसके अलावा आज सुबह 11 बजे तक 566 तीर्थयात्रियों को भी बालटाल आधार शिविर से अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर द्वारा ले जाया गया।

बुधवार को पहलगाम में पारंपरिक नुनवान आधार शिविर और दक्षिण कश्मीर में चंदनवाडी और पंजतरणी के पड़ाव से 5000 से अधिक श्रद्धालुओं के नए जत्थों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।

मौसम वेधशाला के पूर्वानुमान के मुताबिक पहलगाम, चंदनवाड़ी, जोजिबल, एमजी टॉप, शेषनाग, पोशपत्री, पंचतरणी, संगम और पहलगाम मार्ग से पवित्र गुफा के बीच आज दोपहर और शाम के बीच बारिश होने का अनुमान है। इसी प्रकार बालटाल, दुमैल, ब्रारीमर्ग, संगम और बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा के बीच बारिश हो सकती है।