Breaking News

नक्सली गोलीबारी में बीएसएफ का जवान घायल

रायपुर, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सली गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का जवान घायल हो गया। कांकेर जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज  बताया कि जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोमे और गट्टाकाल गांव के बीच जंगल में नक्सली गोलीबारी में बीएसएफ का जवान वीरप्पा केबी घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि कोयलीबेड़ा क्षेत्र में बीएसएफ और जिला बल के संयुक्त दल को गश्त में रवाना किया गया था। दल जब गोमे और गट्टाकाल गांव के मध्य जंगल में था तब नक्सलियों ने सुरक्षा बल पर गोलीबारी शुरू कर दी। इससे वीरप्पा के पैर में गोली लगी। सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस दल रवाना किया गया तथा घायल जवान को जंगल से बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि जवान को इलाज के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।