Breaking News

पांच मिनट में संवारें कर्ली हेयर

 

कर्ली हेयर एक ऐसा हेयरस्टाइल है जो कभी भी फैशन से बाहर नहीं होता है। कुछ के बाल तो प्राकृतिक रूप से कर्ली होते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे बाल पाने के लिए खासतौर पर प्रयास करते हैं। जो भी हो, पर आपको कर्ली हेयर की देखभाल के बारे में पता होना चाहिए। सीधे बाल के उलट कर्ली हेयर को शानदार दिखाने के लिए कुछ अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। अगर आप अपने कर्ली हेयर पर इतराते हैं तो निश्चित रूप से आप इसकी देखभाल के तरीके जानना चाहेंगे।

आप यह जान लीजिए के कर्ली हेयर का रखरखाव सीधे बालों जितना आसान नहीं है। हालांकि ऐसे कई टिप्स हैं जिसे अपना कर आप न सिर्फ कर्ली हेयर का अच्छे से रखरखाव कर सकते हैं बल्कि इसे और बेहतर भी बना सकते हैं। तो आइए जानते हैं कुछ टिप्स जिनकी सहायता से आप अपने कर्ली हेर्स को एक नयी स्टाइल प्रदान कर सकते हैं।

तेल लगाना:- कर्ली हेयर को ज्यादा तेल लगाने की जरूरत होती है, क्योंकि सीधे बालों की तुलना में इसमें रूखापन ज्यादा होता है। ऐसा इसलिए है कि बाल मुड़े होने से स्किन आयल बालों के सिरे तक नहीं पहुंचता है। रूखा बाल ज्यादा कमजोर होता है और ज्यादा टूटता है। आप जैतून का तेल, नारियल का तेल, बादाम का तेल और दूसरे नेचुरल हेयर आयल का इस्तेमाल कर सकते हैं।

हेयर पैक:- कर्ली हेयर की देखभाल में कई तरह के हेयर पैक भी आपकी मदद कर सकते हैं। मेयोनेज, अंडा, दूध, दही, शहद और नींबू कुछ ऐसे हेयर पैक हैं जो असरदार होने के साथऐसाथ प्राकृतिक भी हैं।

शैंपू करना:- बालों में शैंपू करें, क्योंकि बाल में कई सारे ट्विस्ट और टर्न होने से बालों के छल्ले में गंदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है। इससे बाल भद्दे भी नजर आने लगते हैं। आपने बालों को साफ करने के लिए आप नेचुरल मेथड भी अपना सकते हैं।

कंडीशनिंग:- कर्ली हेयर की देखभाल में कंडीशनिंग बेहद जरूरी है। आप चाहें तो कंडीशनर बाजार से खरीद सकते हैं या फिर इसे घर पर बना सकते हैं। शहद, अंडा, सेब, सिरका और चाय कुछ बेहतरीन प्राकृतिक कंडीशनर हैं।

कंघी करना:- कर्ली बालों के लिए कंघी का चुनाव करते समय सावधानी बरतें। चौड़े दांत वाली कंघी का चुनाव करें क्योंकि यह आपके बालों के छल्ले में फंसेगी नहीं। पतले दांत वाली कंघी कर्ली हेयर पर आसानी से नहीं चलेगी। साथ ही इससे बालों को नुकसान भी पहुंचेगा।