Breaking News

बॉलीवुड फिल्म निर्माता अब महिलाओं के प्रगतिशील तरीके से चित्रित कर रही हैं – करीना

 

मुंबई, अभिनेत्री करीना कपूर खान का कहना है कि उन्हें गर्व और खुशी होती है कि बॉलीवुड फिल्म निर्माता अब महिलाओं को फिल्मों में प्रगतिशील तरीके से पेश कर रहे हैं। अभिनेत्री ने इन बदलावों का श्रेय फिल्मों में युवा लेखकों के आगमन को दिया है। एक साक्षात्कार में करीना ने कहा, हिन्दी फिल्म जगत में पर्दे पर महिलाओं को जिस तरीके से पेश किया जा रहा है उस बदलाव को निश्चित रूप से हर कोई महसूस कर सकता है।

उन्होंने कहा, युवा निर्देशकों द्वारा अब लिखे जा रहे किरदार मेहनती और सफल महिलाओं के व्यक्तित्व को उभारने में सफल रहे हैं। फिल्मों में अब महिलाओं को अधिक प्रगतिशील तरीके से दिखाया जा रहा है। उड़ता पंजाब की 36 वर्षीय अभिनेत्री ने पिछले साल अपने पहले बच्चे तैमूर अली खान को जन्म दिया।

अपने काम और मातृत्व के बीच संतुलन के बारे में अभिनेत्री ने कहा, मैं हमेशा निजी और पेशेवर जिंदगी में संतुलन बनाए रखती हूं लेकिन अब काफी मुश्किल है क्योंकि तैमूर काफी छोटा है। मैं संतुलन बनाने का प्रयास करती हूं। मुझे सैफ  और मेरे परिवार से काफी सहयोग मिलता है।

करीना का मानना है कि एक आधुनिक भारतीय महिला अपने जीवन में कई तरह की भूमिकाएं निभाती है और वह स्वयं इस बात को समझती हैं।करीना कपूर वीरे दी वेडिंग फिल्म में काम करने की तैयारी में लग गई हैं। इसमें उनके साथ सोनम कपूर और स्वरा भास्कर भी नजर आएंगी। बहरहाल, उन्होंने उमंग कुमार, सलमान के साथ और करण जौहर की अगली फिल्म में काम करने के बारे में पूछे गये सवाल पर टिप्पणी नहीं की।