Breaking News

भाजपा को 73 सांसद देने वाले उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा ने 73 काम भी नहीं किये- समाजवादी पार्टी

sp samajwadi partyलखनऊ, समाजवादी पार्टी ने कहा कि  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश की छवि धूमिल ना करें। प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर और हर कसौटी पर खरी उतरी है। भाजपा को 73 सांसद देने वाले उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा ने 73 काम भी नहीं किये। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सच्चाई यह है कि जब से नीति आयोग बना है, उत्तर प्रदेश को उसके हिस्से की भी राशि नहीं मिली। प्रदेश को 9000 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने बाढ़ और सूखे के दौरान आपदा राहत में भी यथोचित मदद नहीं की।  शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यूपी की जनता भली-भांति जानती है कि उसका भला सिर्फ समाजवाद और समाजवादी पार्टी की सरकार से ही सम्भव है।

अमित शाह ने लखनऊ में आयोजित रैली में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गयीं योजनाएं आम जनता तक नहीं पहुंच रही हैं। मोदी पैसा भेज रहे हैं, मगर बीच में चाचा- भतीजे में पैसा बंट जा रहा है। गरीब बेचारा वहीं का वहीं रह जा रहा है।’ उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री बनते ही मोदी ने उत्तर प्रदेश का आवंटन एक लाख करोड़ रूपये सालाना बढ़ा दिया। अखिलेश बताएं कि दो साल से आपका आवंटन एक लाख करोड़ रूपये बढ़ा है तो उत्तर प्रदेश में विकास क्यों नहीं?

सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा करने से पहले शाह को केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट देख लेनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अपराध दर के मामले में उत्तर प्रदेश की स्थिति 26 प्रांतों से बेहतर है। सबसे अधिक अपराध दर केरल के बाद मध्य प्रदेश और हरियाणा में है, जहां भाजपा की ही सरकार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *