Breaking News

भाजपा सरकार ने सुधारी उत्तर प्रदेश छवि: सीएम योगी

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) समेत अन्य विपक्षी दलों पर उत्तर प्रदेश को बदहाल स्थिति में पहुंचाने का आरोप लगाते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले पांच सालों में उनकी सरकार ने न सिर्फ भ्रष्टाचार और अपराधी माफियाओं पर नकेल कसी बल्कि गंभीर प्रयासों की बदौलत प्रदेश की छवि में सुधार कर उसे देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का काम किया।

योगी ने गुरूवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि पिछले 70 वर्ष में उत्तर प्रदेश में जो नहीं हो पाया,उसे भाजपा सरकार ने पांच वर्ष में करके दिखाया है। पांच साल में भाजपा सरकार ने मील के कुछ पत्थर गढ़े हैं। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पांचवे छठे स्थान पर थी जबकि आज यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

आज प्रदेश में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय 94 हजार तक पहुंच चुकी है। पांच साल पहले उत्तर प्रदेश का बजट दो लाख लाख करोड़ रूपये था जो आज छह लाख करोड़ रूपये है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में भी प्रदेश ने लंबी छलांग लगायी है और देश में 14वें स्थान से निकल कर आज दूसरी पायदान पर आ चुका है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की पांच साल की सफल यात्रा सन्तुष्ट होने वाली नहीं होनी चाहिए। हमे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नम्बर एक बनाना है। सरकार ने इसके लिये एक रोडमैप तैयार किया है। इसके लिये कानून व्यवस्था को दुरूस्त करना होगा। भाजपा सरकार ने जो माफिया और पेशेवर अपराधी खतरा थे, उन पर नकेल कसी। बसपा की सरकार में 364 दंगे हुये जबकि सपा की सरकार में बड़े बड़े दंगे 700 के करीब हुए मगर भाजपा सरकार के कार्यकाल में 2017 से अब तक दंगा और कोई आतंकी घटना नहीं हुयी।

योगी ने कहा “ कोरोना की तीसरी लहर को भी हम नियंत्रित कर चुके हैं। 15 दिन पहले राज्य में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या एक लाख के पार कर चुकी थी जो अब घटकर 41 हजार रह गई है। देश के भीतर सबसे ज्यादा कोविड टेस्ट करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है।”

उन्होने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा सरकार ने अपने संकल्प के मुताबिक काम किया है। कोरोना के कारण लगभग दो साल का समय बर्बाद हो गया जिसके चलते सरकार ने मात्र तीन साल की अवधि में प्रदेश की छवि सुधारने का सफल प्रयास किया। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया। यूपी की प्रति व्यक्ति आय 45 हजार वार्षिक थी जो बढ़कर अब 94 हजार हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पुलिस के आधुनिकीकरण पर काम किया। 2017 से पहले प्रदेश 75 जिलों में मात्र दो सायबर थाने थे। फोरेंसिक लैब नहीं थी। फॉरेंसिक जांच के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना होता था। आज प्रदेश में छह फोरेंसिक लैब कार्यशील हैं जबकि 18 बन रही हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में 1.50 लाख पुलिस भर्ती पारदर्शी तरीके से हुई जबकि 86 हजार पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया। महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 5 साल में तीन गुना बढ़ी है।

उन्होने कहा कि यूपी पहला राज्य है, जहां पिछले 5 साल में कोई दंगा नहीं हुआ। कोई आतंकी घटना नहीं हुई। एंटी रोमियो डेस्क सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। एनसीआरबी के आंकडों के अनुसार प्रदेश में डकैती 58 फीसदी, हत्या 23 फीसदी, फिरौती 53 फीसदी और बलात्कार के मामलों में 45 फीसदी की कमी आई है। 694 पेशेवर अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई हुई। माफिया जो बेटी-बहनों की सुरक्षा के लिए खतरा थे, उनकी 2046 करोड़ की प्रॉपर्टी को ध्वस्त किया गया।

योगी ने कहा कि पिछले पांच सालों में उनकी सरकार ने चार लाख 68 हजार करोड़ रुपए के निवेश के एमओयू साइन किए। यूपी आज निवेश के लिए पसंदीदा स्थान है। 2.17 लाख करोड़ का कर्ज एमएसएमई सेक्टर को मिला है।

एंटी भू माफिया टॉस्क फोर्स के माध्यम से 66 हजार हेक्टेयर जमीन को माफियाओं से मुक्त कराया है। यूपी में उत्तर भारत का पहला डाटा सेंटर बनाया।

उन्होने कहा कि बसपा ने 240 लाख मीट्रिक टन, सपा ने 217 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीदा और बीते 5 साल में 794 लाख मीट्रिक टन अनाज क्रय हो चुका है। गन्ना किसानों की बात करें तो पहले की सरकारों में 29 चीनी मिलें बंद हुई थीं। 5 साल में चीनी मिल बंद नहीं हुई। यूपी सरकार ने 1.57 लाख करोड़ गन्ना किसानों को भुगतान किया। भाजपा सरकार के समय 348 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हुआ।

 

योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 11.57 लाख बेटियों को अब तक लाभ मिला है। यूपी के 15940 गांवों में 23 लाख लोगों को उनकी जमीन का स्वामित्व दिया गया है, जिस पर उनके मकान बने हैं। दो करोड़ से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। बेटियों की सुरक्षा के लिए पास्को एक्ट के तहत 218 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई गई हैं। तीन करोड़ श्रमिक भरण पोषण भत्ते का लाभ ले रहे हैं।

उन्होने कहा कि एक करोड़ युवाओं को मोबाइल-टैबलेट देने की योजना शुरू की है। वर्तमान में 1.50 लाख श्रमिकों के बच्चे के लिए शिक्षा की व्यवस्था की है। गरीबों के कल्याण के लिए हर सिर पर छत जरूरी है। यूपी में बीते 5 साल में 45 लाख गरीबों को मकान देने में सफल हुआ है। 2.61 गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सिर्फ 12 मेडिकल कॉलेज थे, 5 सालों में 33 नए मेडिकल कॉलेज सरकार बना रही है। इसमें 17 शुरू हो चुके हैं। इनमें एडमिशन हो चुके हैं। दो एम्स के निर्माण का काम भी पूरा हो चुका है। नौ करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना का कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। यूपी इंसेफलाइटिस जैसी घातक बीमारी को रोकने में सफल हुआ है।

उन्होने कहा कि यूपी का इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बढ़ रहा है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे 12 से 17 के बीच बना। बीते 5 साल में पूर्वांचल एक्सप्रेव राष्ट्र को समर्पित हो चुका है। मेरठ-दिल्ली शुरू हो चुका हे। गंगा एक्सप्रेस व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का काम शुरू हो चुका है। लखनऊ-कानपुर को हम तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। वाराणसी से कोलकाता और गोरखपुर से सिलीगुड़ी के बीच भी एक्सप्रेस वे का काम तेजी से बढ़ रहा हे।

योगी ने कहा कि 2007 से 2017 के बीच 496 ब्रिज बने थे। 5 साल में हमने 900 से ज्यादा ब्रिज बना चुके हैं।

यूपी पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य होगा। 2017 से पहले यूपी में मेट्रो सिर्फ गाजियाबाद में थी। अब पांच शहर मेट्रो से जुड़े हैं। देश की पहली रैपिड ट्रेन दिल्ली-मेरठ के बीच 30 हजार करोड़ रुपए की लागत से चलाने का काम चल रहा है।

उन्होने कहा कि यूपी का स्मार्ट सिटी मिशन का काम देश में पहले नंबर पर है। 2017 से पहले बिजली भी चेहरा देखकर दी जाती थी, अब यूपी की 25 करोड़ आबादी को बिना भेदभाव के आपूर्ति हो रही है। पहले 4730 मेगावाट बिजली बनती थी, अब 8200 मेगावाट से ज्यादा बिजली बनती है। भाजपा सरकार का विकास देखना है तो काशी और अयोध्या जाकर देखें। हमने भव्य और दिव्य कुंभ का आयोजन कराया। पहले कुंभ में भगदड़ और गंदगी होती थी।