Breaking News

भारत को वापस मिली तीन दुर्लभ मूर्तियां

नई दिल्ली, पिछले कुछ वर्षों में अवैध रूप से देश के बाहर निर्यातित भारतीय सांस्कृतिक धन को हाल ही में अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित विभिन्न देशों की भूमि पर पाया गया है। जैसे ही इस तरह की कला वस्तुएं भारत सरकार की नजरों में आ रही हैं, इन्हें इन देशों से प्रत्यावर्तित किया जा रहा है।

हालांकि, इस प्रत्यावर्तन को माननीय प्रधानमंत्री और संस्कृति मंत्री की पहल के कारण पिछले कुछ समय में गति मिली है। इसी क्रम में पर्यटन मंत्रालय और भारत सरकार के साझे योगदान से ऑस्ट्रेलिया से तीन दुर्लभ मूर्तियां वापस मिली हैं। इन तीनों मूर्तियों की प्रदर्शनी राष्ट्रीय संग्रहालय, जनपथ, नई दिल्ली में लगाई गई है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि भारत अपने खोये और चोरी हुए अन्य बहुमूल्य दुर्लभ कला कृतियों को भी वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत लाई गई मूर्तियों में मथुरा क्षेत्र से बैठे हुए बुद्ध की मूर्ति, अमरावती क्षेत्र से बौद्ध पैनल, तमिलनाडु से प्रत्यङ्गिरा मूर्ति शामिल है। विभिन्न देशों में अपने मिशनों के माध्यम से भारत सरकार अवैध रूप से निर्यातित भारतीय पुरावशेषों के मामलों की निगरानी कर रही है। सरकार को उम्मीद है कि इन प्रयासों से सांस्कृतिक संपत्ति को वापस अपनी मूल जगह पर लाने में मदद मिलेगी।