Breaking News

ममता बनर्जी के सिर पर इनाम देने वाले, भाजपा कार्यकर्ता पर क्या बोले गृह मंत्री ?

कोलकाता,  केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा जाति या धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि मानवता एवं न्याय के आधार पर देश चलाना चाहती है। उन्होने यह बयान उस समय दिया, जब संवाददाताओं ने इस दावे पर उनके विचार पूछे कि पश्चिम बंगाल में हिंदू जनसंख्या कम हो रही है।

सिंह ने कहा, मैं जाति, संप्रदाय और धर्म संबंधी किसी प्रश्न का आमतौर पर उत्तर नहीं देता। मेरा मानना है कि भाजपा जाति, संप्रदाय और धर्म के आधार पर देश नहीं चलाना चाहती। हम मानवता एवं न्याय के आधार पर देश चलाना चाहते हैं।

 

राजनाथ सिंह ने ममता के सिर पर इनाम की घोषणा करने वाले भाजपा के युवा नेता के बारे में कहा कि इसे माफ नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, स्वस्थ लोकतंत्र में टकराव के लिए कोई स्थान नहीं है। हमें देश को आगे ले जाने के लिए हर किसी के सहयोग की आवश्यकता है। हमें इस वास्तविकता को समझने की आवश्यकता है कि राजनीतिक संघर्ष या राजनीतिक हिंसा सुशासन एवं विकास की जगह नहीं ले सकती। सिंह ने राज्य में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ कोई शब्द नहीं कहा, जिससे पार्टी की राज्य इकाई को निराशा हुई। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा पारित उस प्रस्ताव पर भी कुछ नहीं कहा, जिसमें तृणमूल कांग्रेस पर जिहादी तत्वों को शरण देने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा, गृह मंत्री होने के नाते, मैं कई मामलों पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी नहीं कर सकता।