महाराष्ट्र के विदर्भ में पांच लोकसभा सीटों के लिए मतदान शुरु

मुंबई, महाराष्ट्र में विदर्भ क्षेत्र की पांच लोकसभा सीटों के लिए चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को मतदान शुरु हुआ।

विदर्भ क्षेत्र की 10 लोकसभा सीटों में से पांच – नागपुर, रामटेक, भंडारा, चंद्रपुर और गढ़चिरौली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 97 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला आज होगा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने नागपुर में अपना वोट डाला। यहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल 95.54 लाख पंजीकृत मतदाता है जिनमें 48.28 लाख पुरुष, 47.26 लाख महिलाएं और 347 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त होगा। नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली निर्वाचन क्षेत्र में मतदान दोपहर तीन बजे समाप्त होगा।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने कुल 10,652 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। यह केन्द्र 21,527 मतपत्र इकाइयों, 13,963 नियंत्रण इकाइयों और 14,755 वीवीपीएटी मशीनों से सुसज्जित हैं।

पांचों सीटों पर महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच सीधा मुकाबला है।

नागपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नीतिन गडकरी, चंद्रपुर से राज्य के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, बंदरा से भाजपा के सुनील मेंढे, गढ़चिरौली से भाजपा के अशोक नेते, चंद्रपुर से प्रतिभा धानोरकर (कांग्रेस), बंधारा से कांग्रेस के डॉ. प्रशांत पडोले , गढ़चिरौली-चिमूर से कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ. नामदेव किरसन, कांग्रेस के श्यामकुमार बर्वे, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उम्मीदवार राजू पारवे और रामटेक से वंचित बहुजन अघाडी (वीबीए) के किशोर गजभिये चुनाव मैदान में है।

इन जिलों के चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय या पक्षपात के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इस बीच, चुनाव के निष्पक्ष और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में विशेषकर नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गढ़चिरौली निर्वाचन क्षेत्र में सात हेलीकॉप्टर भेजे गए। पुलिस ने कहा कि अब तक इलाका शांतिपूर्ण है और कोई अप्रिय घटना नहीं देखी गई है।