महिलाएं चलाएंगी पिंक बस,पटना की सड़कों पर वाहन चलाने का कराया जा रहा अभ्यास

पटना, पिंक बस संचालन के लिए महिला चालकों की ट्रेनिंग तेज गति से चल रही है। पहले चरण की ट्रेनिंग पूरी कर चुकी पांच महिला चालकों को अब दूसरे चरण के अंतर्गत पटना की सड़कों पर बस चलाने का अभ्यास कराया जा रहा है। बेली रोड रूट पर हेवी मोटर व्हीकल (एचएमवी) लाइसेंस धारक महिला चालक आरती कुमारी, रागिनी कुमारी, सरस्वती कुमारी, गायत्री कुमारी और बेबी कुमारी, कौशल चालकों के मार्गदर्शन में बस की स्टीयरिंग संभाल रही हैं। उन्हें अगले 15 दिनों तक सड़कों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद इनकी ड्राइविंग स्किल की जांच की जाएगी और सफल होने पर इन्हें पिंक बस चलाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की तरफ से महिलाओं के लिए संचालित होने वाली 100 पिंक बसों में महिला चालकों की नियुक्ति की योजना है। इस क्रम में वर्तमान में 21 अन्य महिला चालकों को औरंगाबाद स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च (आईडीआर) में पिंक बस चलाने की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इनमें से पांच महिला चालकों को पिछले महीने आईडीआर में 14 दिनों की आवासीय ट्रेनिंग दी गई थी। इस दौरान उन्हें बस संचालन की बारीकियां, सड़क सुरक्षा नियम, इंजन की जानकारी, वाहन रखरखाव तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सिमुलेटर पर बस चलाने की प्रैक्टिस और रियल-टाइम ड्राइविंग का अभ्यास भी कराया गया।

Related Articles

Back to top button