Breaking News

मीडिया पर आईटी छापों के विरोध में झांसी में आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

झांसी,  आम आदमी पार्टी (आप) ने दो मीडिया हाउसों पर सरकारी कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के झांसी में विरोध प्रदर्शन किया।

दैनिक भास्कर और भारत समाचार पर इंकमटैक्स के छापों के विरोध में आप कार्यकर्ता और पदाधिकारी यहां जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की । आप महानगर जिलाध्यक्ष इरशाद खान ने सरकार की इस कार्रवाई को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह के आह्वान पर हमारी पार्टी प्रदेश स्तर पर सरकारी की इस कार्रवाई का विरोध कर रही है।

पार्टी की प्रदेश सचिव अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदर्शन का आह्वान किया था। आम आदमी पार्टी इस कार्रवाई को सरकारी गुंडागर्दी करार देते हुए इसके खिलाफ आंदोलन छेड़ चुकी है। इस प्रकरण में एक ट्वीट करके संजय सिंह ने कहा था कि भाजपा का अंत तय है “ विनाश काले विपरीत बुद्धि ” भारत समाचार के प्रमुख व वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र सिंह के घर और ऑफिस पर इनकम टैक्स का छापा मारा गया है। यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर करारा प्रहार है। यूपी की जनता आदित्यनाथ और बीजेपी दोनों को सबक सिखाएगी।

जिलाध्यक्ष झांसी महानगर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह की अपील पर कार्यकर्ताओं ने पूरे जोर-शोर से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के खिलाफ सत्ता की इस कार्रवाई पर विरोध जताया है। हमने एकस्वर से इसे आपातकाल बताया है।

प्रदर्शन के दौरान जिला संगठन अध्यक्ष मोहम्मद अरशद खान, सीवाईएसएस प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन साहू, जिला महासचिव आर के राव, विधि प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव अनुराग मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष राशिद खान, महानगर उपाध्यक्ष हनीफ खान, जिला उपाध्यक्ष अनिरुद्ध प्रताप , जिला कोषाध्यक्ष पुत्तू सिंह कुशवाहा, झांसी विधानसभा प्रभारी आशीष गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी अखिल रायकवार, नगर संगठन मंत्री, वीरू वाल्मीकि, सभासद आशीष रायकवार, डॉ ठाकुरदास, सीवाईएसएस जिलाध्यक्ष नीरज श्रीवास, शशांक दुबे, पवन पाल, राजीव दुबे, शेखर वर्मा आदि उपस्थित रहे।