मुख्यमंत्री योगी के बारे में अखिलेश की टिप्पणी शर्मनाक: भाजपा

देवरिया, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एस एन सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान को शर्मनाक बताया है।
एस एन सिंह ने अखिलेश पर निशाना साधते हुये रविवार को कहा “ जो व्यक्ति राम चरित मानस की प्रतियां जलवाता हो। साधु संन्यासियों को चिलमजीवी कहता हो। काशी और मथुरा को अपमानित करता हो। जो परम पिता का दर्शन न करता हो और अपने पिता को धक्का मारता हो तथा अपने चाचा को अपमानित करता हो। समाज में गलत संदेश पैदा करता हो। उसके मुख से प्रदेश के तेजस्वी मुख्यमंत्री के योगी होने को लेकर बयान जारी करना स्वाभाविक है।”
उन्होंने कहा “ सुना है कि वह (अखिलेश) भी साधु, संन्यासियों और सनातन को प्रमाणपत्र बांट रहे हैं और कहते हैं कि योगी और साधु सन्यासी ऐसे होते हैं।” उन्होंने तंज कसते कहा “ केवल छोटा पैजामा पहनने,टोपी लगाने से कोई मुसलमान नहीं होता है। उसके लिए कुछ और करना होता है।”
गौरतलब है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी को लेकर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अखिलेश यादव के बयान कि कान छेदाने और भगवा वस्त्र पहन लेने से कोई योगी नहीं हो जाता। इस पर प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं।





