मुलायम सिंह कि डांट से कई लोगों के भाग्य बदल गए- अखिलेश यादव

Akhilesh-समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के 77वें जन्मदिन पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 207 फुट ऊंचाई पर तिरंगा फहराकर पिता को नायाब तोहफा दिया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवाद का जो रास्ता दिखाया है उसी पर चलकर प्रदेश को आगे ले जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आशीर्वाद की बात छोड़िए, उनकी डांट से कई लोगों के भाग्य बदल गए। नेता जी ने सभी जातियों व धर्मों को साथ लेकर पार्टी को खड़ा किया। प्रदेश के गरीब तबके के लोगों को आगे बढ़ाया है। वह सच्चे समाजवादी नेता हैं। उन्हीं के बताए रास्ते पर चलते हुए सभी को मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाना होगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे कितने पिता होंगे, जिन्होंने खुद मुख्यमंत्री बनने के बजाय अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना दिया हो। इतना बड़ा हृदय नेता जी का है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के मौके उनकी जीवन गाथा से जुड़ी फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। फोटो प्रदर्शनी का नाम दिया गया है ‘फर्श से अर्श तक तथा समाजवादी विचारधारा और संघर्ष की गाथा’। प्रदशर्नी में पूर्व रक्षा मंत्री व सांसद मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन के साथ प्राकृतिक दृश्यों को भी दिखाया गया है। फोटो प्रदर्शनी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर लगाई गई।

गोमतीनगर स्थित जनेश्वर पार्क में तिरंगा देखकर मुलायम भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि किसी पिता के लिए उसके जन्मदिन पर इससे बड़ा गफ्ट नहीं हो सकता। सपा मुखिया ने कहा कि अखिलेश बहुत प्यार करते हैं। यही कारण है कि जन्मदिन पर उन्होंने इतना नायाब तोहफा दिया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने कहा कि आज के इस ऐतिहासिक दिन को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सपा के संघर्ष काल व प्रदेश में समाजवाद की स्थापना में जनेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नाम पर बने पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम ने पलों को और ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जनेश्वर पार्क हिंदुस्तान का सबसे बेहतर पार्क होगा।