Breaking News

मोदी के नेतृत्व में भारत बना विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था : भूपेंद्र सिंह

जौनपुर , भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत हुयी है और भारत अब विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने यहां लाभार्थी सम्मेलन काे संबोधित करते हुये कहा कि केन्द्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार ने हर वर्ग के लोगों को राहत देने के लिये अनेक तरह की योजनाएं चलायी हैं। विकास और विदेश नीति के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विश्व पटल पर पहुंचाया है। भारत की चरमराती अर्थव्यवस्था को सही करने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो प्रयास किये हैं, उसकी पूरी विश्व में सराहना हो रही है।

उन्होने कहा कि कार्यकर्ताओं को केन्द्र सरकार द्वारा विगत 9 साल में किए गए कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने सक्रियता और सजगता का मूल मंत्र दिया, साथ ही भाजपा की रीति नीति के साथ संकल्पों को दोहराया और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की योजना अनुसार कार्य करने का आह्वान किया।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया तो उसे पूरा किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा का महासंपर्क अभियान सबसे बड़ा कार्यक्रम है, इसके जरिए हमें जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना है।