Breaking News

यूपी के पूर्व डीजीपी विजय कुमार अपनी पत्नी के साथ भाजपा में शामि‍ल

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर अपनी राजनीतिक पारी का आगाज किया।

पार्टी के प्रदेश दफ्तर में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के समक्ष उन्होने अपनी पत्नी अनुपमा के संग भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होने कहा कि आईपीएस की भूमिका में उन्होने ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन किया है। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से खासे प्रभावित है, खासकर उनके कार्यकाल में प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति और बेहतर हुयी है और यही कारण है कि बतौर राजनीतिज्ञ वे समाज को अपनी सेवायें देना चाहते हैं।

श्री कुमार के अलावा सपा, बसपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने वालो में बसपा के पूर्व एमएलसी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज अग्रवाल (फर्रूखाबाद), बसपा से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वत्सला अग्रवाल (फर्रूखाबाद), नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर (फतेहपुर), नगर पंचायत अध्यक्ष मिथलेश कुमार मिश्र (सुल्तानपुर), कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव योगेन्द्र सिंह तोमर (अलीगढ़), सपा के पूर्व प्रदेश सचिव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अम्बुज शुक्ला (कानपुर), बसपा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सचिन त्रिपाठी (कानपुर), बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संदीप शर्मा जैकी (कानपुर), बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डीएस मिश्रा (सुल्तानपुर), बसपा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अरूण कुमार दुबे (औरैया) आदि शामिल थे।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा परिवार में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ जुड़िए तथा अपने-अपने क्षेत्रों व बूथों पर जाकर भाजपा को मजबूत करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कीजिए।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गांव, गरीब, किसान के आर्थिक व सामाजिक विकास के साथ विकसित भारत का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे है। हमसभी इस संकल्प के साथ जुड़कर आगे बढे़ और लोकसभा की सभी 80 सीटें जीतकर मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार मजबूत सरकार बनाने में सहभागी बनें।