Breaking News

रायबरेली लोकतंत्र का मजबूत पहरेदार: प्रियंका गांधी

रायबरेली, कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि रायबरेली से उनका दिल का रिश्ता है और यह लोकसभा क्षेत्र लोकतंत्र का मज़बूत पहरेदार है।

गांधी परिवार के करीबी और पार्टी प्रत्याशी किशोरीलाल शर्मा के अमेठी संसदीय क्षेत्र में चुनाव संचालन समिति की बैठक में शिरकत करने के बाद भाई और पार्टी प्रत्याशी राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक में श्रीमती वाड्रा ने कहा “ हम सभी में एक चीज़ समान है कि हम सब अन्याय के खिलाफ हमेशा लड़े है और इस संघर्ष का इतिहास 100 सालों से ज़्यादा का है। जनवरी 1921 में जब बाबा रामचंद्र और मदारी पासी जी के नेतृत्व में अवध का किसान आंदोलन चरम पर था, पंडित जवाहरलाल नेहरू उसमे भागीदारी के लिए आए थे, रायबरेली की ही पावन धरती पर ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ़ लड़ते हुए वो पहली बार गिरफ़्तार हुए थे। तब से इस धरती से जुड़ कर सेवा और संघर्ष का अभियान लगातार जारी है। सेवा के सौ साल का ये सफर रायबरेली के राहुल अब आपके सहयोग और आशीर्वाद से आगे ले चलेंगे।”

उन्होंने मोदी सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि आज देश में ब्रिटिश राज जैसे हालात व्याप्त हैं। मोदी सरकार की नीतियां गरीबों को ध्यान में रख कर नहीं बनाई जा रही बल्कि खरबपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है। अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट बताती हैं कि आज भारत में गैरबराबरी की हालत अंग्रेजों के राज से भी ख़राब है। लोकतंत्र को मजबूत करने वाले सभी संस्थान कमज़ोर किए जा रहे है। महात्मा गांधी, पंडित नेहरू ने अंग्रेज़ो के खिलाफ लड़ाई जनता के अधिकारों को मजबूत करने के लिए लड़ी थी, उन्हे क्या पता था की आजाद भारत में ऐसा भी दिन आएगा जब सरकार जनता को अधिकार विहीन करने पर अमादा हो जाएगी।

उन्होने कहा कि करोड़ों लोगों की ज़िंदगी बदलने वाली आरक्षण जैसी व्यवस्था देने वाले संविधान को बदलने की कोशिश हो रही है। हमने सदा विकास को तरजीह दी है, एक विकसित और संपन्न रायबरेली का सपना देखा है। हमें जब मौका मिला, रायबरेली में हमने रोज़गार और विकास के अवसर पैदा किए लेकिन मोदी सरकार ने हमारे द्वारा शुरू की गई कई परियोजनाओं को या तो बंद कर दिया या अपने नाम से प्रचारित किया।

प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के महासमुद्र में डूबी भाजपा आज दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गयी है। यहाँ तक पहुंचने के लिए उसने हर गलत रास्ता अपनाया है। गुजरात में जिस पुल के टूटने से सैकड़ो लोगो को जान गई, भाजपा ने उस कम्पनी से भी चंदा लिया और जानलेवा कोविडशील्ड वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से सिर्फ चंदे की लालच में पूरे देश का सौदा कर दिया। सिर्फ सत्ता में बने रहने के लिए ये किसी भी सीमा तक जाने पर उतारू है, चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के खाते सीज़ करना और जनता द्वारा चुने हुए दे मुख्यमंत्रियों को जेल भेजना इस बात की बानगी है।

श्रीमती गांधी ने कहा की जनता के प्रति सत्ता की जवाबदेही होनी चाहिए। आप और हम मिलकर, लड़कर, भारत में पुनः लोकतांत्रिक मूल्यों को स्थापित करेंगे। रायबरेली का चुनाव तो महज़ औपचारिकता है! रायबरेली की जनता अपने राहुल गाँधी को ऐसा विराट समर्थन देने जा रही है जिसकी दूसरी मिसाल नहीं होगी।