Breaking News

यूपी में भाजपा की जीत गैर भाजपा दलों के बिखराव का परिणाम -नीतीश कुमार

nitish-kumar-bjp-620x400पटना , बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाईटेड  के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत को गैर भाजपा दलों के बिखराव का परिणाम बताया और कहा कि नोटबंदी का तीव्र विरोध भी भाजपा की जीत में सहायक साबित हुआ।
नीतीश कुमार ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में भाजपा की बड़ी विजय पर उन्हें बधाई। जहां तक उत्तर प्रदेश के चुनाव नतीजों का सवाल है तो वहां पिछड़े वर्गो के बड़े तबकों ने भाजपा को समर्थन दिया। साथ ही गैर भाजपा पार्टियों द्वारा इन्हें जोड़ने का कोई प्रयास नहीं किया गया। यूपी में बिहार की तर्ज पर महगठबंधन नहीं हो पाया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नोटबंदी का इतना कड़ा विरोध करने की जरुरत नहीं थी। चूंकि नोटबंदी से गरीब के मन में संतोष का भाव उत्पन्न हुआ था और उन्हें लगता था कि इससे अमीर लोगों को चोट पहुंची है। लेकिन कई पार्टियों द्वारा इसे नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कांग्रेस को पंजाब की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि गोवा और मणिपुर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस का उभरना भी सराहनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *