Breaking News

रायबरेली में विवाहिता की हत्या,पति गिरफ्तार

रायबरेली, उत्तर प्रदेश में रायबरेली के ऊंचाहार इलाके में बुद्ध पूर्णिमा पर्व पर स्नान करने आई महिला की गला घोंट कर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार सुबह महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतका नीलम (26) के पति चंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका का गला घोंटकर कर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

उन्होने बताया कि गोकना गंगा घाट से थोड़ी दूर स्थित चांदी बाबा की कुटी से पहले एक सुनसान स्थान पर महिला का शव मिला है। महिला के दोनो हाथ उसके दुपट्टे से बांधकर उसे एक पौधे से लपेटा गया था। शव के गले पर चोट के निशान थे। पुलिस के अनुसार मौके की परिस्थितियां देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला का गला घोंटा गया है। मृतका और उसका पति नसीराबाद के रहने वाले थे और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर ऊंचाहार इलाके के गोकना घाट गंगा स्नान करने आये थे।

सूत्रों ने बताया कि आशंका जतायी जा रही है कि मृतका के पति को उसके चरित्र पर शक था इसलिए महिला की हत्या की गई है। बहरहाल पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सारी स्थिति स्पष्ट होगी।