Breaking News

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा,जल संरक्षण के लिए विश्व को करना होगा मिलकर काम

नयी दिल्ली, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि विश्व समुदाय के समक्ष जल भविष्य की बड़ी चुनौती है इसलिए इसके संरक्षण के वास्ते पूरी दुनिया को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।

श्री कोविंद ने मंगलवार को जल शक्ति मंत्रालय द्वारा ‘भारत जल सप्ताह-2019’ की शुरुआत करते हुए कहा कि भविष्य के लिए जल संरक्षण का संकट पूरी दुनिया का है इसलिए एक देश या एक सरकार को नहीं बल्कि सभी को मिलकर इस दिशा में काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण पूरी दुनिया के लिए चुनौती है और सभी राष्ट्रों को अपने समुदाय के खुशहाल भविष्य के लिए जल संरक्षण की दिशा में काम करने की आवश्यकता है। जल भविष्य का अवश्यंभावी और जटिल संकट बन सकता है इसलिए इसके समाधान के वास्ते किसी एक देश या एक सरकार को नहीं बल्कि सभी को कदम उठाने होंगे और मिलकर समाधान निकालना होगा।

राष्ट्रपति ने आगाह किया कि जल संरक्षण के लिए परंपरागत संसाधनों की अनदेखी करने की बजाय जल बचाव के अपने प्राचीन ज्ञान को आधुनिक तकनीक से जोड़कर जल संकट से जुड़ी समस्याओं से निपटा जा सकता है। उन्होंने सभी पक्षों से जल संरक्षण के लिए निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के वास्ते अभियान चलाने का आग्रह किया।