Breaking News

राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेंश का 498 सदस्यीय दल लेगा हिस्सा

लखनऊ,  गोवा में 26 अक्टूबर से नौ नवंबर के बीच खेले जाने वाले 37वें राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश का 498 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा।

प्रदेश की विभिन्न टीमों के लिये सोमवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में विदाई समारोह आयोजित किया गया जिसमें सूबे के उपमुख्यमंत्री और यूपी ओलंपिक संघ के चेयरमैन ब्रजेश पाठक एवं खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मुख्य दलनायक व उप दलनायकों के नाम की घोषणा करते हुए मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) को उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ का ध्वज प्रदान किया। उन्होंने प्रतिभागी टीमों में शामिल खिलाड़ियों को सांकेतिक रुप से किट भी प्रदान की।

पाठक ने कहा “ उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी पिछले काफी समय से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पटल पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे है। मुझे पूरा विश्वास है कि आपका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का सिलसिला 37वें राष्ट्रीय खेल में भी जारी रहेगा। ” उन्होंने नारा दिया “ उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी होनहार, अबकी बार जीतेंगे मेडल 100 के पार।”

उत्तर प्रदेश के मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) धीरेंद्र सिंह सचान ने बताया कि इस बार राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश 33 खेलों में हिस्सा ले रहा है। इन खेलों में उत्तर प्रदेंश का 498 सदस्यीय दल शामिल होगा। इस बार उत्तर प्रदेश के दल में कुल 386 खिलाड़ी (198 पुरुष, 188 महिला) शामिल है। इसी के साथ उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ ने खिलाड़ियों व आफिशियल की अंतिम सूची जारी कर दी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में बैडमिंटन और नेटबॉल, जिम्नास्टिक, बास्केटबॉल की स्पर्धाएं शुरू हो चुकी है। राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन 26 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डा.नवनीत सहगल, महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय व खेल निदेशक डा.आरपी सिंह ने भी टीम में शामिल खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कामना की। उपदलनायक (डिप्टी चीफ डि मिशन) डा.सैयद रफत जुबैर रिजवी ने कहा कि इससे पहले 36वें राष्ट्रीय खेल गुजरात में गत वर्ष 29 सितंबर से 12 अक्टूबर 2022 तक आयोजित किए गए थे जिसमें उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने 20 स्वर्ण, 18 रजत, 18 कांस्य सहित कुल 56 पदक जीते थे। वहीं तालिका में उत्तर प्रदेश का ओवरऑल आठवां स्थान मिला था।