महिला विरोधी कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने देश की आधी आबादी से किया विश्वासघात : भाजपा अध्यक्ष

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को महिला विरोधी गठबंधन करार देते हुए उस पर देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है।

नितिन नवीन ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित न होने पर शुक्रवार को कहा कि आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जा सकता था, लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के महिला विरोध गठबंधन ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात कर दिया।

उन्होंने कहा कि आज राजनीति में आधी आबादी की भागीदारी सुनिश्चित करने का दिन था, लेकिन श्री गांधी और कांग्रेस के साथ मिलकर उनके सहयोगी दलों ने उनका हक छीन लिया।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी और उनके ‘महिला विरोधी गठबंधन’ ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी बनाने वाला 131वां संविधान संशोधन विधेयक पारित होने से रोककर देश की ‘आधी आबादी’ के साथ घोर विश्वासघात किया है। जिस कांग्रेस ने दशकों तक महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझा, आज उसने सरेआम उनका हक मार लिया। यह करोड़ों माताओं-बहनों के सपनों पर कायरतापूर्ण प्रहार है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि खोखले वादे और नारी शक्ति का बार-बार अपमान करना ही कांग्रेस की असल राजनीति रही है। एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश महिलाओं को ‘शक्ति’ मानकर उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के लिए संकल्पित है, वहीं विपक्ष की यह नकारात्मक सोच उनके विकास विरोधी चरित्र को दर्शाती है। नारी शक्ति का यह आक्रोश अब रुकने वाला नहीं है और आगामी चुनावों में देश की माताएं-बहनें अपने अधिकारों को रौंदने वालों को कड़ा सबक सिखाते हुए इस विश्वासघात का पूरा हिसाब चुकता करेंगी।

Related Articles

Back to top button