Breaking News

शाहजहांपुर में सपा से दूसरी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल किया

शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) की एक और प्रत्याशी ज्योत्स्ना गौंड ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। दो दिन पहले सपा से राजेश कश्यप ने पर्चा दाखिल किया था।

शाहजहांपुर में अब सपा के दो प्रत्याशी मैदान में है। सपा को इस बात का डर सता रहा है कि शायद उनके एक प्रत्याशी का पर्चा निरस्त हो सकता है या फिर सपा अपना प्रत्याशी बदलने का मन बना चुकी है। 22 अप्रैल को सपा की तरफ से राजेश कश्यप ने अपना पर्चा दाखिल किया था। शुरुआत से इस बात की चर्चा थी कि समाजवादी पार्टी अपना प्रत्याशी बदल सकती है। ऐसे में आज सपा की तरफ से ज्योत्स्ना गौंड ने भी पर्चा दाखिल कर दिया है। अब समाजवादी पार्टी की तरफ से यहां दो-दो प्रत्याशी मैदान में है।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि पार्टी हाई कमान राजेश कश्यप का पर्चा काट सकती है और अब ज्योत्स्ना गौंड ही सपा की प्रत्याशी होगी। हरदोई जिले की रहने वाली ज्योत्स्ना गौंड समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप की भांजी है।

ज्योत्स्ना गौंड का कहना है कि वह सपा की नीतियों को लेकर जनता के पास जाएगी और जीत हासिल करेगी। उधर, राज्यपाल कश्यप का कहना है कि जनता समाजवादी पार्टी को जीताने का मन बना चुकी है और भाजपा 400 के पार के बजाय सात समंदर पार नज़र आएगी।