शुरुआती कारोबार में आईटी कंपनियों, निजी बैंकों के शेयर लुढ़के

मुंबई, एचसीएल टेक्नोलॉजीज तथा अन्य आईटी और बैंकिंग कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के दबाव में बुधवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांकों में गिरावट रही।

बीएसई का सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 253.99 अंक नीचे 79,019.34 अंक पर खुला। इसके बाद इसकी गिरावट बढ़ गयी और खबर लिखे जाते समय यह 749.82 अंक (0.95 प्रतिशत) टूटकर 78,523.51 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 105.75 अंक फिसलकर 24,470.85 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 196.05 अंक यानी 0.80 प्रतिशत गिरकर 24,380.55 अंक पर रहा।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज के मंगलवार को जारी वित्तीय परिणामों में पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में नुकसान की बात सामने आने से कंपनी का शेयर आज नौ प्रतिशत लुढ़क गया है। कंपनी को गत 31 मार्च को समाप्त तिमाही में 900 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
इस नुकसान की मुख्य वजह विदेश में एक पुराने कर मामले में 5,733 करोड़ रुपये का भुगतान रहा। इसी मामले में वह 703 करोड़ रुपये का भुगतान पहली तीन तिमाहियों में कर चुकी है।

आईटी सेक्टर के बाद बाजार पर सबसे अधिक दबाव बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों ने बनाया। निजी बैंकिंग कंपनियों में बिकवाली हावी रही जबकि सार्वजनिक बैंकिंग कंपनियों में लिवाली देखी गयी। स्वास्थ्य और फार्मा क्षेत्रों में भी गिरावट है। दिग्गज कंपनियों के विपरीत छोटी कंपनियों में निवेशकों ने विश्वास दिखाया है। कुल मिलाकर वृहत बाजार में धारणा सकारात्मक है।

सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर नौ प्रतिशत के करीब लुढ़क गया है। टेक महिंद्रा और इंफोसिस में दो से ढाई प्रतिशत तक की गिरावट है। आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस और बीईएल के शेयर भी एक फीसदी से अधिक नीचे बने हुए हैं।
हिंदुस्तान यूनीलिवर और एनटीपीसी के शेयर एक प्रतिशत से अधिक ऊपर चल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button