संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष ने सुषमा के निधन पर जताया शोक….

नयी दिल्ली, संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नेंडा एस्पिनोसा गैरिसस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

सुश्री मारिया ने श्रीमती स्वराज को याद करते हुए बुधवार को कहा,“ वह एक असाधारण महिला थीं जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया।”  संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष ने श्रीमती स्वराज के परिवार , समर्थकों तथा प्रशंसकों के साथ अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।  सुश्री मारिया ने ट्वीट किया, “ सुषमा स्वराज के निधन का समाचार मिलने से दुखी हूं, वह एक असाधारण महिला थीं जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

भारत दौरे के समय मुझे उनसे मिलने का सम्मान प्राप्त हुआ। ”  श्रीमती स्वराज का मंगलवार रात यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। उनके परिवार में पति स्वराज कौशल और एक पुत्री बांसुरी स्वराज हैं। श्रीमती स्वराज का अंतिम संस्कार आज अपराह्न लोदी रोड स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button