सत्ता का दुरुपयोग करती है भाजपा: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि विपक्षी दलों और नेताओं की छवि खराब करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता का दुरुपयोग करती है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और बिजली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। इस सरकार में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं जिसका नतीजा है कि हर विभाग में भ्रष्टाचार है। हर कार्य में लूट मची है। आम जनता की कोई सुनवाई नहीं है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।
उन्होने कहा कि भाजपा का व्यवहार अलोकतांत्रिक और तानाशाही का है। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को वह अपने नियंत्रण में करना चाहती है। भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियां देश के उद्योग और व्यापार का नुकसान कर रही है। भाजपा-आरएसएस विपक्ष में रहने के दौरान स्वदेशी का नारा देते थे। बड़े-बड़े दावा करते थे। आरएसएस के लोग स्वदेशी अपनाने को लेकर लम्बे-लम्बे भाषण करते थे। इन लोगों ने सत्ता में आने पर ऐसी नीतियां बना दी है कि पूरा देश विदेशी सामानों से भरा पड़ा है। देश के बाजार चीनी सामानों से पटे है। अब ये स्वदेशी की बात नहीं करते है। इस सरकार की गलत नीतियों से देश के कुटीर और छोटे उद्योग बर्बाद हो गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास आम जनता की समस्याओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी का कोई समाधान नहीं है। भाजपा समाज में नफरत फैलाकर सत्ता में बने रहना चाहती है। विकास, नौकरी, रोजगार, शिक्षा स्वास्थ्य से इनका कोई लेना देना नहीं है। समाजवादी सरकार में उत्तर प्रदेश में विकास के लिए बहुत काम हुए थे। हर जिले में विकास के काम दिखाई दे रहे थे। समाजवादी सरकार ने लखनऊ समेत कई शहरों में मेट्रो रेल चलाने का काम किया। आगरा से लखनऊ तक देश का सबसे बेहतरीन एक्सप्रेस-वे बनाया।