Breaking News

सपा-बसपा सरकारें चीनी मिलें बेचतीं थीं,भाजपा करा रही है पुनर्निर्माण: सीएम योगी

देवरिया, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि सपा-बसपा की सरकारें चीनी मिलें बेचतीं थीं जबकि भाजपा सरकार पुनर्निर्माण करा रही है।

जिले में भाटपाररानी के बहियारी बघेल स्थित रघुराज सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये योगी ने कहा कि उनकी सरकार देवरिया-कुशीनगर में नई चीनी मिल की स्थापना करेगी। इसके लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं और देवरिया व कुशीनगर के जिला प्रशासन को जमीन तलाश करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने देवरिया के लोगों को 200.92 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 412 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण कर देवरिया की प्रगति की रफ्तार को और तेज किया। लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विकास के मुद्दे परपूर्व की सरकारों को कटघरे में खड़ा किया। समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी की सरकारों में प्रदेश की 21 चीनी मिलें बेचकर किसानों व नौजवानों के पेट पर लात मारा गया। आज कल्याण की बात करने वालों को जब शासन का मौका मिला था तब वे दंगा व लूट खसोट करवा रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के कल्याण की योजनाएं पहले भी चलाई जा सकती थीं, विकास के ये कार्य पहले भी हो सकते थे। पट, पूर्व की सरकारों को इसके बारे में सोचने की फुर्सत ही कहां थी। तब सूबे के मुखिया जो अपना ही घर भरने से ही फुर्सत नहीं मिलती थी। उन्होंने कहा कि देवरिया व कुशीनगर 2017 के पहले बदनाम होता था कि यहां गरीबों का राशन माफिया खा जाते थे। आज भाजपा सरकार में पारदर्शी तरीके से सबको मुफ्त और पर्याप्त राशन मिल रहा है।