Breaking News

समाजवादी पार्टी के ये विधायक भाजपा में हुए शामिल

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दलबदल की गतिविधियों को गति प्रदान करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुभाष पासी मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल हो गये। भाजपा में शामिल होने से चंद घंटों पहले ही पासी को सपा ने निष्कासित किया था।

गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा सीट से सपा के विधायक पासी और उनकी पत्नी रीना पासी को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। उल्लेखनीय है कि पासी के भाजपा में शामिल होने की सुगबुगाहट सियासी गलियारों में तेज होते ही सपा नेतृत्व ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा कर दी।

ट्विटर पर सपा ने उनके निष्कासन की आधिकारिक घोषणा करते हुये कहा, ‘‘गाजीपुर की सैदपुर विधानसभा से सपा विधायक सुभाष पासी जी को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी से निष्कासित किया जाता है।“

हाल ही में सीतापुर से भाजपा के विधायक राकेश राठौर के अलावा बसपा के छह निष्कासित विधायकों को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलायी थी।