Breaking News

समुद्री रास्ते से हज यात्रियों को जेद्दा भेजने पर कर रही विचार – नकवी

मुंबई,  केन्द्र में अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि केंन्द्र सरकार एक बार फिर से समुन्द्र के रास्ते हज यात्रियों को सऊदी अरब के जेद्दा भेजने के विकल्प पर विचार कर रही है। हज हाउस में हज प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में नकवी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के वर्ष 2012 के आदेश के अनुसार हज नीति 2018 की रूपरेखा तय करने के लिए सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति एक बार फिर से यात्रियों को समुन्द्र के रास्ते जेद्दा भेजने की योजना पर विचार कर रही है।

उन्होंने कहा, हज यात्रियों को जहाज से भेजे जाने से यात्रा खर्च विमान किराया की तुलना में लगभग आधा रह जाएगा। यह बहुत ही क्रांतिकारी और हज यात्रियों के हित से जुड़ा फैसला होगा। नकवी ने कहा, पानी के रास्ते हज यात्रियों को मुंबई से जेद्दा ले जाने का चलन वर्ष 1995 में बंद हो गया। वर्तमान में यात्री देश में 21 गंतव्य स्थानों से हवाई मार्ग से वहां जाते हैं। नकवी ने कहा कि आज के आधुनिक और समस्त सुविधाओं से परिपूर्ण जहाजों के जरिये एक बार में 4,000-5,000 यात्रियों को ले जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उच्च स्तरीय समिति जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।