Breaking News

सांसदों के निलंबन के खिलाफ सपा उतरी सड़कों पर

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी (सपा) ने 146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ शुक्रवार को राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया।

सपा प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित धरने का उद्देश्य लोकतंत्र एवं संविधान को बचाना तथा भाजपा सरकार को हटाना है। पार्टी ने सभी जिला मुख्यालयों पर धरना और प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन सौपा। धरना प्रदर्शन में प्रदेश से सपाके लाखों कार्यकर्ता, नेता, पदाधिकारी और आमजन शामिल रहे। धरना प्रदर्शन में नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार की किसान, नौजवान, गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया।

पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने लखनऊ, फैजाबाद, अम्बेडकरनगर, मऊ, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, फ़िरोज़ाबाद, आजमगढ,शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद कानपुर देहात, कानपुर नगर, अमरोहा, मुरादाबाद, महराजगंज, सुल्तानपुर, बस्ती, बहराइच, भदोही, प्रयागराज, बदायूँ, संतकबीरनगर, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, फतेहपुर, बलरामपुर, मथुरा वृंदावन, वाराणसी, झासी, सोनभद्र, मिर्जापुर, समेत अन्य सभी जिलों में धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन भेजा।

पार्टी के नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर अमादा है। अभिव्यक्ति की आजादी को कुचल रही है। भाजपा आम जनता के संवैधानिक अधिकार खत्म कर तानाशाही कर रही है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर भाजपा को उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर हरायेगी।